द्रौपदी मुर्मू बनीं NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार नवीन पटनायक बोले- ओडिशा के लिए गर्व का क्षण

Draupadi Murmu: राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद उनके पैतृक मयूरभंज जिले में खुशी का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं.

द्रौपदी मुर्मू बनीं NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार नवीन पटनायक बोले- ओडिशा के लिए गर्व का क्षण
नई दिल्ली. बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने द्रौपदी मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग द्वारा राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि यह उनके राज्य के लोगों के लिए गर्व का क्षण है. पटनायक ने मुर्मू को उनकी उम्मीदवारी पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मेरे साथ इस पर चर्चा की तो मुझे खुशी हुई. यह वास्तव में ओडिशा के लोगों के लिए गर्व का क्षण है.” पटनायक ने कहा कि उन्हें यकीन है कि मुर्मू “देश में महिला सशक्तिकरण के लिए एक उदाहरण स्थापित करेंगी.” पिछले राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा ने दलित नेता रामनाथ कोविंद को अपना उम्मीदवार बनाया था और इस बार एक आदिवासी नेता को इस पद के लिए उम्मीदवार बनाकर समाज में एक संदेश देने की कोशिश की है. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में मुर्मू के नाम की घोषणा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे. इस बीच, द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उन्हें ओडिशा के सभी दलों के सांसदों और विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है क्योंकि वह उस प्रदेश की बेटी हैं. उन्होंने कहा, “मुझे आशा है कि मुझे ओडिशा के सभी विधायकों और सांसदों का समर्थन प्राप्त होगा.” राष्ट्रपति चुनाव के लिए इलेक्टोरल कॉलेज में बीजद के पास 2.8 प्रतिशत से ज्यादा मत हैं. उन्होंने कहा, “मैं इस प्रदेश की बेटी हूं. मुझे एक ओड़िया होने के नाते सबसे यह अनुरोध करने का अधिकार है कि मेरा समर्थन करें.” संथाल समुदाय में जन्मी मुर्मू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1997 में रायरंगपुर नगर पंचायत के सदस्य के रूप में की थी और आगे बढ़ते-बढ़ते 2000 में बीजद-भाजपा गठबंधन सरकार में मंत्री बनीं और 2015 में झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनीं. रायरंगपुर सीट से दो बार विधायक रह चुकीं मुर्मू 2009 में उस वक्त भी अपनी सीट से जीती थीं जब बीजद ने चुनाव से कुछ ही सप्ताह पहले भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया था. इस चुनाव में बीजद को भारी जीत मिली थी. ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें up24x7news.com हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट up24x7news.com हिंदी | Tags: Draupadi murmu, Naveen patnaik, Odisha, Rashtrapati ChunavFIRST PUBLISHED : June 22, 2022, 01:37 IST