निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देशभर से मिल रहीं बधाईयां सोनिया-पवार ने ऐसे दीं शुभकामनाएं

राष्ट्रपति चुनाव में 64 फीसदी वोट लेकर जीत दर्ज करने वाली द्रौपदी मुर्मू को विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की तरफ से भी बधाइयां मिली हैं. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बधाई देते हुए उनसे जल्द मुलाकात की बात कही, वहीं एनसीपी नेता शरद पवार ने सफलता की कामना की.

निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देशभर से मिल रहीं बधाईयां सोनिया-पवार ने ऐसे दीं शुभकामनाएं
नई दिल्ली. देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के चुनाव में जीत दर्ज करने वाली द्रौपदी मुर्मू को बधाइयों का तांता लगा हुआ है. संसद भवन में मतगणना के बाद मर्मू की जीत का ऐलान होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी थी. शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में भी बधाई दी जाएगी. देश की 15वीं राष्ट्रपति बनने जा रही मुर्मू को विपक्षी नेता सोनिया गांधी, शरद पवार, ममता बनर्जी ने भी शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 64 फीसदी वोट लेकर जीत दर्ज की. करीब 10 घंटे तक चली काउंटिंग के बाद बताया गया कि मुर्मू को 6,76,803 वोट मिले जबकि विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के खाते में 3,80,177 आए. द्रौपदी मुर्मू की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी बधाई दी. उन्होंने लिखा कि निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को मैं हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हैं. मैं उनसे जल्द मुलाकात भी करूंगी. राहुल गांधी ने भी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी. एनसीपी नेता शरद पवार ने ट्वीट में लिखा, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई. राष्ट्रपति के रूप में आपके कार्यकाल की सफलता की कामना करता हूं.’ देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू को देश का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बयान में कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी की विजय ‘नए भारत‘ के सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी स्वरूप के प्रति अपार जन-विश्वास और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ भाव की जीवंत तस्वीर है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट करके कहा, ‘‘राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर माननीया द्रौपदी मुर्मू जी को अनंत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनायें.’’ बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई दीं. राज्यपाल चौहान ने आशा व्यक्त की कि मुर्मू के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश निरंतर आगे बढ़ेगा तथा कमजोर एवं वंचित वर्ग व संघर्षशील लोगों को विकास की एक नई राह मिलेगी. राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी पी जोशी व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित तमाम नेताओं ने भी बधाई दी. राज्यपाल मिश्र ने मुर्मू को फोन करके व्यक्तिगत बधाई और शुभकामनाएं दीं. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया, ‘‘माननीया द्रौपदी मुर्मू को देश की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बहुत-बहुत बधाई.’’ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट किया, ‘‘नारी-शिक्षा, शौर्य, सशक्तिकरण और जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बन चुकीं द्रौपदी मुर्मू जी का राष्ट्रपति भवन में पहुंचना भारत के जीवंत लोकतंत्र का अनुपम उदाहरण है. देश के 15 वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू जी का हृदय की गहराईयों से अभिनंदन.’’ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा, ‘‘शीर्ष संवैधानिक पद के लिए आपका चुनाव महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ लोकतंत्र की दिशा में एक सुनहरे अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है.’’ जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि मुर्मू की जीत देश के लिए गर्व का क्षण और ऐतिहासिक दिन है. झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने बधाई संदेश में कहा कि आपके राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर झारखंड में विशेष उत्साह का माहौल है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बधाई में कहा, ‘‘भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिद्धू-कान्हू की वीर भूमि तथा समस्त झारखंडवासियों की ओर से आपको जोहार.’’ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुर्मू की जीत पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी व राजग के केंद्रीय नेतृत्व को हृदय से धन्यवाद देते हैं कि एक जनजातीय बहन जो सक्षम योग्य, समर्पित और कर्मठ हैं, उनको राष्ट्रपति पद के लिए चुना है, और आज सौभाग्य से वह देश की राष्ट्रपति हैं.’ इसके अलावा तमाम अन्य नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू की बधाइयां दीं. (इनपुट भाषा से भी) ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें up24x7news.com हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट up24x7news.com हिंदी | Tags: Draupadi murmu, President of India, Rashtrapati ChunavFIRST PUBLISHED : July 22, 2022, 07:53 IST