केरल के त्रिशूर में पटाखों की लॉरी बनी आग का गोला वीडियो में देखिए खौफनाक मंजर टल गई बड़ी तबाही

केरल के त्रिशूर में गुरुवार सुबह पटाखों से भरी एक पार्सल लॉरी में भीषण आग लग गई. पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब नौ बजे नादाथारा के पास हुआ. उस समय ट्रक से सामान उतारने का काम चल रहा था. पटाखों की वजह से उठी चिंगारी ने तेजी से पूरी लॉरी को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में सामान उतार रहे एक मजदूर का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया है. हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था जिसे बाद में पकड़ लिया गया. पुलिस ने बताया कि लॉरी से पार्सल उतारते समय अचानक पटाखों ने आग पकड़ ली. आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते लॉरी को काफी नुकसान पहुंचा. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी. राहत की बात यह रही कि बड़ा विस्फोट होने से पहले ही स्थिति पर काबू पा लिया गया. अधिकारियों ने लापरवाही को देखते हुए एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पार्सल ट्रांसपोर्टेशन कंपनी और पटाखे भेजने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है. विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या पटाखों का परिवहन नियमों के तहत हो रहा था. पकड़े गए ड्राइवर से भी इस संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है.

केरल के त्रिशूर में पटाखों की लॉरी बनी आग का गोला वीडियो में देखिए खौफनाक मंजर टल गई बड़ी तबाही