ईरान-अमेरिका की डील से भारत की लग सकती है लॉटरी! आखिर कैसे होगा फायदा
ईरान-अमेरिका की डील से भारत की लग सकती है लॉटरी! आखिर कैसे होगा फायदा
Iran-US Deal: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और संभावित समझौते की चर्चाओं के बीच भारत के लिए एक बड़ी रणनीतिक और आर्थिक संभावना सामने आती दिख रही है. मेजर गौरव आर्य का मानना है कि अगर ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील मिलती है, तो इसका सबसे बड़ा फायदा भारत को मिल सकता है. सबसे पहले बात चाबहार पोर्ट की. भारत लंबे समय से ईरान के चाबहार बंदरगाह में निवेश कर रहा है. यह बंदरगाह भारत को पाकिस्तान को बायपास करते हुए सीधे अफगानिस्तान, मध्य एशिया और रूस तक पहुंचने का रास्ता देता है. अगर ईरान पर से प्रतिबंध हटते हैं, तो चाबहार परियोजना को नई रफ्तार मिल सकती है और भारत का व्यापारिक नेटवर्क पहले से ज्यादा मजबूत हो सकता है. दूसरा बड़ा फायदा तेल के मोर्चे पर देखने को मिल सकता है. ईरान दुनिया के बड़े तेल उत्पादकों में से एक है. प्रतिबंध हटने के बाद ईरान वैश्विक बाजार में अधिक मात्रा में तेल बेचने की कोशिश करेगा. ऐसे में भारत, जो दुनिया के सबसे बड़े ऊर्जा आयातकों में शामिल है, सस्ते और स्थिर तेल सप्लाई का लाभ उठा सकता है. इससे घरेलू स्तर पर ईंधन कीमतों पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है. ईरान के खुलने से क्षेत्रीय व्यापार के नए विकल्प सामने आएंगे. अब तक अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक पहुंच के लिए पाकिस्तान का महत्व अधिक था, लेकिन चाबहार के पूरी तरह सक्रिय होने पर भारत को एक वैकल्पिक और रणनीतिक रास्ता मिल जाएगा.